मोतिहारी।शशिचंद्र तिवारी। तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने सोमवार को पूर्वी चंपारण जिला परिभ्रमण के दौरान प्रगति यात्रा में की गई घोषणाओं से जुड़े स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं की कार्य-प्रगति की समीक्षा की और सात निश्चय पार्ट-2 से संबंधित योजनाओं की अद्यतन जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के समय जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल भी आयुक्त के साथ मौजूद रहे। आयुक्त ने सर्वप्रथम मोतिहारी स्थित कृषि उत्पाद बाजार समिति के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण कार्य का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। इसके बाद आयुक्त ने मोतिहारी स्थित महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का भ्रमण कर टाटा टेक्नोलॉजी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लैब, मशीनरी, प्रशिक्षण टूल्स एवं आधुनिक सेटअप का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना सात निश्चय पार्ट-2 के तहत संचालित है, जिसका उद्देश्य आईटीआई को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित कर युवाओं को इंडस्ट्री-स्टैंडर्ड, तकनीकी और प्रायोगिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

इसके बाद आयुक्त ने मोतिहारी-कोटवा पथ पर मजुरहा में धनौती नदी पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। यह पुल प्रगति यात्रा 2024 के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा घोषित किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि पुल के निर्माण से मोतिहारी और कोटवा के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा और दूरी में उल्लेखनीय कमी आएगी। निर्माण प्रगति पर संतोष जताते हुए आयुक्त ने निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। भ्रमण के दौरान उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार एवं नगर आयुक्त सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहारा भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *