महीप राज की रिपोर्ट
पटना : राजधानी के लोकनायक जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (एलएनजेपी) पर शुक्रवार को पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ऐसे व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जो खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर पहचान छिपाने की कोशिश कर रहे थे। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि दो संदिग्ध युवक रोजाना परिसर में देखे जाते हैं और बातचीत में खुद को केंद्रीय जांच एजेंसी से जुड़ा बताते हैं। इसी आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को उन्हें रोककर जांच की।जांच के दौरान दोनों के पास से फर्जी केंद्रीय जांच एजेंसी के पहचान पत्र मिले। साथ ही पल्सर मोटरसाइकिल पर लगा नकली एजेंसी लोगो भी पुलिस ने जब्त कर लिया। संदिग्ध दहल कर सही जानकारी नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। पूछताछ की पूरी प्रक्रिया सचिवालय के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 डॉ. अनु कुमारी की निगरानी में पूरी की गई।
डेढ़ साल से सक्रिय था फर्जी नेटवर्क, सामने आए मुख्य सरगना
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु कुमार (42) और सत्यानंद कुमार (45) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से एक संगठित फर्जी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान जिले के शोहेल मिर्जा द्वारा संचालित किया जा रहा था, जबकि सोनपुर निवासी सैयद खालिद अहमद पहले इस गैंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। इन दोनों को गिरोह का योजनाकार और मुख्य संचालक बताया जा रहा है।
नकली यूनिफॉर्म और आईडी की मदद से लोगों को डराकर उगाही
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य नकली सीबीआई पहचान पत्र, एजेंसी जैसी ड्रेस और वाहनों पर फर्जी लोगो का इस्तेमाल करते थे। वे खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर लोगों को डराते थे और उनसे पैसा वसूलते थे। यह भी पता चला कि गिरोह ऑनलाइन और सीधे संपर्क दोनों तरीकों से लोगों को जाल में फँसाता था।
तीन और आरोपी फरार, छापेमारी जारी
गिरफ्तार दोनों ने पूछताछ में तीन और नाम शोहेल मिर्जा, सैयद खालिद अहमद और डीके वर्मा का खुलासा किया है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी है।
एसडीपीओ डॉ. अनु कुमारी ने दी जानकारी
मामले की जानकारी देते हुए सचिवालय एसडीपीओ-1 डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि गुप्त सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दो आरोपियों को पकड़ा है। उनके पास से बरामद फर्जी पहचान पत्र और लोगों गंभीर अपराध से जुड़े हैं, जिनके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
