रक्सौल : बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के निर्देशानुसार अब रक्सौल के बिजली उपभोक्ताओं को अपनी शिकायतों के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. रक्सौल विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि ऊर्जा सचिव सह सीएमडी मनोज कुमार सिंह के दिशा-निर्देश पर अब प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को विशेष जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया जाएगा. यह नई व्यवस्था आगामी 19 जनवरी से प्रभावी होगी. कार्यपालक अभियंता श्री कुमार ने बताया कि सरकार के सात निश्चय-2 के ”सबका सम्मान-जीवन आसान” संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए यह पहल की जा रही है. इसका मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निष्पादन करना है. उन्होंने ने स्पष्ट किया कि रक्सौल प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी कार्यालयों में अधिकारी तय समय पर मौजूद रहकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनेंगे. सोमवार: दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक, एवं शुक्रवार: दोपहर 3:00 बजे से 4:30 बजे तक का समय निर्धारित की गई है. इस दौरान प्रमंडल कार्यालय में स्वयं कार्यपालक अभियंता, सब-डिवीजन कार्यालय में सहायक विद्युत अभियंता और सेक्शन स्तर पर कनीय अभियंता अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे. कार्यपालक अभियंता ने कहा कि विभाग के सचिव के निर्देशानुसार कार्यालयों में आने वाले उपभोक्ताओं की सुविधा और सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा. इसके लिए सभी कार्यालयों में बुनियादी सुविधाएं मौजूद रहेगी, साथ ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे उपभोक्ताओं के साथ संवेदनशीलता और अच्छे व्यवहार से पेश आएं. जन सुनवाई में आने वाली सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया जाएगा ताकि उनके निराकरण की स्थिति की निगरानी की जा सके. उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि रक्सौल डिविजन के उपभोक्ताओं को बिजली बिल, मीटर खराबी या नए कनेक्शन जैसी समस्याओं के लिए परेशान न होना पड़े. 19 जनवरी से मैं स्वयं और मेरी टीम के सभी अधिकारी निर्धारित समय पर जनसुनवाई के लिए उपलब्ध रहेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *