अटलजी स्मृति दीपोत्सव के मौके पर भाजपा कार्यालय जगमगाया, अटल पार्क में भी जले दीये

यह दीपोत्सव सुशासन की प्रेरणा को जीवंत रखने का प्रतीक : संजय सरावगी

पटना : पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर बिहार भाजपा द्वारा दीपोत्सव मनाया गया। अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं के पास दीप जलाए गए और रोशनी की गई। अटल बिहारी की स्मृतियों को नमन करते हुए प्रदेश कार्यालय को दीपों से सजाया गया। इधर, पाटलिपुत्र गोलंबर के पास अटल पार्क में भी दीपोत्सव मनाया गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि यह दीपोत्सव अटलजी के विचारों, राष्ट्रनिष्ठा और सुशासन की प्रेरणा को जीवंत रखने का प्रतीक है। उनका मार्गदर्शन आज भी कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में अटल बिहारी वाजपेयी की जहां भी प्रतिमा है या उनके नाम पर भवन, संस्थाएं हैं, वहां दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया गया है। उन्होंने कहा, वाजपेयी जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन मातृभूमि की सेवा में समर्पित किया। आज भी उनके देश के प्रति समर्पण का भाव करोड़ों लोगों को प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर देश को समृद्ध, शक्तिशाली और विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि यही पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पद चिन्हों पर चलकर देश को समृद्ध, आत्मनिर्भर बनाने में जुटे हुए हैं। उनका प्रयास ही है कि आज हम दुनिया भर में तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था में शामिल हैं।

दीपोत्सव कार्यक्रम में विधायक संजीव चौरसिया, महामंत्री राजेश वर्मा, लाजवंती झा, अमिता भूषण राठौड़, जिलाध्यक्ष रूप नारायण मेहता, प्रदेश मंत्री शोभा सिंह, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री मीना झा, प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज जायसवाल, प्रभात मालाकार, मंडल अध्यक्ष कल्पना कुमारी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। महिला कार्यकर्ताओं ने रंगोली और दीप की तैयारी कर कार्यक्रम को सफल बनाया। मौके पर प्रदेश के पदाधिकारी, मंच, मोर्चा और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *