पुलिस की ढ़िलाई बर्दाश्त नहीं, दोनों विभाग मिलकर दे बेहतर परिणाम, इनाम व हेल्पलाइन जारी

पटना। महीप राज। बिहार में अवैध खनन के खिलाफ सरकार ने एक बार फिर कड़ा रुख अख्तियार किया है। खान एवं भू-तत्व विभाग के मंत्री और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने स्पष्ट कर दिया है कि बालू और खनन माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार और और भी सख्त तरीके से जारी रहेगा। खान एवं भू-तत्व विभाग की जिम्मेदारी संभालते ही विजय सिन्हा ने कार्रवाई की रफ्तार तेज कर दी है। उन्होंने बताया कि विभाग गृह विभाग के साथ मिलकर राज्यभर में संयुक्त अभियान चला रहा है। अवैध बालू कारोबार के सबसे बड़े केंद्र डोरीगंज का उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हेलिकॉप्टर से निरीक्षण किया था। पूरे इलाके की वीडियोग्राफी के बाद उसी रात तीन हजार ट्रकों को जब्त किया गया। गृह मंत्री सम्राट चौधरी द्वारा 15 दिनों के भीतर नीलामी कराने के निर्देश के बाद, डोरीगंज में जब्त बालू को भी जल्द नीलाम करने की तैयारी है। विजय सिन्हा ने कहा कि सरकार की नीति पारदर्शी है, इसलिए अब किसी तरह की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं बची। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन थाना क्षेत्रों से अवैध खनन की सूचना मिलेगी, वहां के पुलिस अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कई थानों में बालू से लदी गाड़ियाँ घंटों खड़ी रहती हैं, जो लापरवाही का संकेत है।

पुलिस की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोनों विभाग मिलकर बेहतर परिणाम देंगे

इधर, विभाग ने अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए कल की बैठक में सभी डीएम और एसपी को सख्त निर्देश दिए हैं। देर रात व्यापक छापेमारी की गई, जिसमें 28 ट्रैक्टर जब्त किए गए और मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। कई जिलों से अवैध खनन के साधन भी सीज़ किए गए। विभाग ने साफ कहा है कि 15 अक्टूबर से खनन गतिविधियाँ शुरू हुई थीं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इसका फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर अब ज़ीरोटॉलरेंस की नीति लागू होगी।

अवैध खनन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिस थाना से ऐसी गतिविधि की सूचना मिलेगी, वहां के पुलिसकर्मियों से जवाब-तलब होगा। कार्रवाई में सहयोग करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।

इनाम और हेल्पलाइन

विभाग ने पत्रकारों, यू-ट्यूबर्स और आम नागरिकों को भी अवैध खनन की जानकारी देने के लिए प्रोत्साहित किया है। सूचना देने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा

ट्रैक्टर पकड़वाने पर 5,000 रुपये

ट्रक की जानकारी देने पर 10,000 रुपये

जानकारी इन नंबरों पर दी जा सकती है:-

06122-215360,

9472238821,

9122414564

केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में पाँच मेजर मिनरल की नीलामी पहले ही पूरी हो चुकी है। सात और मेजर मिनरल ब्लॉक की नीलामी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। दक्षिण बिहार में मिले इन मेजर मिनरल्स की नीलामी के बाद बड़े पैमाने पर खनन कार्य शुरू होगा। सरकार का साफ संदेश है कि अवैध खनन करने वाले बच नहीं पाएंगे और कानून का पालन कराने में लापरवाही करने वालों पर भी कार्रवाई तय है। बिहार में खनन व्यवस्था को पारदर्शी और नियंत्रित बनाने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *