पटना।महीप राज। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने विवादों के बीच आयोजित 70वीं संयुक्त मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग द्वारा जारी नतीजों के अनुसार मुख्य परीक्षा में सफल घोषित किए गए 5,401 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए आमंत्रित किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परिणाम पूरी तरह निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप तैयार किया गया है और अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर कुछ ही घंटों में अपना रिजल्ट देख सकेंगे।
25 से 30 अप्रैल तक हुई थी मुख्य परीक्षा
70वीं संयुक्त मुख्य परीक्षा का आयोजन 25 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 के बीच पटना के 32 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। इस चरण में कुल 20,034 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए 5,401 उम्मीदवारों को योग्य पाया गया है।
पहले ही विवादों में घिर चुकी है परीक्षा
गौरतलब है कि 70वीं बीपीएससी परीक्षा की प्रक्रिया शुरुआत से ही विवादों में रही है। प्रारंभिक परीक्षा के दौरान पटना के बापू परीक्षा परिसर में हंगामा होने के कारण एक परीक्षा केंद्र की परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। इसके बाद आयोग को 4 जनवरी को 22 केंद्रों पर पुनः परीक्षा आयोजित करनी पड़ी, जिसमें लगभग 5,900 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इस पूरी प्रक्रिया को लेकर आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठे थे।
प्री परीक्षा का परिणाम जनवरी में आया था
इससे पहले 70वीं बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 24 जनवरी 2025 को जारी किया गया था। प्री परीक्षा में कुल 21,581 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था, जिनमें विभिन्न वर्गों—सामान्य, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, महिला आरक्षण, दिव्यांग, ईडब्ल्यूएस और स्वतंत्रता सेनानी कोटा—के उम्मीदवार शामिल थे।
2,035 पदों पर होगी नियुक्ति
बीपीएससी की इस परीक्षा के माध्यम से राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कुल 2,035 पदों पर नियुक्ति की जानी है। आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रत्येक पद के लिए औसतन लगभग 10 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में सफल हुए हैं। प्रारंभिक परीक्षा के लिए 4.83 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से दिसंबर में आयोजित परीक्षा में करीब 3.28 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे।
अब सभी सफल अभ्यर्थियों की नजरें इंटरव्यू की तिथि और अंतिम चयन सूची पर टिकी हुई हैं, जबकि आयोग से यह उम्मीद की जा रही है कि आगे की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।
