विभागीय मंत्री सुनील कुमार एवं सचिव डॉ. प्रतिमा ने ग्लोबल व्यवस्था, जियोपॉलिटिक्स और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर की चर्चा
विदेश सेवा के अधिकारियों को दी गई बिहारी छात्रों को उपलब्ध कराए जा रहे अंतरराष्ट्रीय अवसर की जानकारी
पटना : अपने इंडक्शन ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत, भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के कुल छह प्रोबेशनरी अधिकारियों ने बुधवार को साइंस, टेक्नोलॉजी व तकनीकी शिक्षा विभाग का दौरा किया और विभागीय मंत्री सुनील कुमार और विभाग की सचिव डॉ. प्रतिमा के साथ औपचारिक बैठक की। बातचीत के दौरान मंत्री सुनील कुमार ने प्रोबेशनरी अधिकारियों का स्वागत किया और तेजी से बदल रहे ग्लोबल व्यवस्था, उभरते जियोपॉलिटिकल और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर भारत की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। चर्चा के दौरान ग्लोबल लेवल पर बिहारी डायस्पोरा की भूमिका और योगदान पर भी बातचीत हुई।
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने विदेश सेवा के अधिकारियों को बताया कि बिहार में तकनीकी शिक्षा को अधिक रोजगार उन्मुखी बनाने के लिए उनका विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। मांग आधारित और बाजार आधारित विषयों यहां पर अधिक ज़ोर दिया जा रहा है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (आईए) और दूसरी उभरती टेक्नोलॉजी को छात्रों के बीच ग्लोबल प्रतियोगिता को बढ़ाने के लिए रेगुलर करिकुलम में शामिल किया जा रहा है। विदेश सेवा के प्रोबेशनरी अधिकारियों ने विभाग द्वारा शुरू की गई अलग-अलग पहलों पर अपने विचार भी साझा किए।
साइंस टेक्नोलॉजी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की सचिव डॉ. प्रतिमा ने अधिकारियों को विभाग की भूमिका, ज़िम्मेदारियों, काम करने के तरीके और बेस्ट प्रैक्टिस के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने एक विस्तृत प्रदर्शन के ज़रिए बताया कि बिहार के हर ज़िले में अब कम से कम एक इंजीनियरिंग कॉलेज और एक पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट काम कर रहा है। उन्होंने विदेश सेवा के अधिकारियों को लैंग्वेज लैब बनाने के बारे में भी बताया, जहां छात्रों को फ्रेंच, जर्मन और जापानी जैसी विदेशी भाषाओं की ट्रेनिंग दी जा रही है। ताकि वे अंतरराष्ट्रीय मौकों, मल्टीनेशनल कंपनियों और ग्लोबल एकेडमिक सहयोग तक बेहतर तरीके से पहुंच सकें। उन्होंने बताया कि उनका विभाग विदेशी यूनिवर्सिटीज़ के साथ एकेडमिक सहयोग के लिए सक्रिय तौर पर काम कर रहा है, जहां भारतीय दूतावास और हाई कमीशन की भूमिका अहम होगी।
कार्यक्रम के आखिर में साइंस, टेक्नोलॉजी व तकनीकी शिक्षा मंत्री और विभाग की सचिव ने प्रोबेशनरी अधिकारियों को उनकी आगे की डिप्लोमैटिकज़िम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, विभागीय सचिव डॉ. प्रतिमा, निदेशक अहमद महमूद और आईएफएस परिवीक्षाधीन अधिकारी अमन पटेल, केशव राज, वैभव कुमार, देविका प्रियदर्शिनी, मयंक भारद्वाज और मोनू शर्मा उपस्थित थे।
