पर्यटन विभाग के कार्यक्रमों, योजनाओं व नीतियों की दी गयी जानकारी

पटना।महीप राज।

भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 2025 बैच के छह प्रशिक्षु अधिकारियों का बिहार सरकार के साथ 19 से 23 जनवरी 2026 तक एक सप्ताहिक संलग्नता कार्यक्रम बिहार में चल रहा है। सुषमा स्वराज विदेश सेवा संस्थान (एसएसआईएफएस), नई दिल्ली के निर्देशानुसार आयोजित यह कार्यक्रम राज्य को बेहतर रूप से समझने पर केंद्रित है, जिसमें व्यापार, प्रौद्योगिकी, पर्यटन, प्रतिभा एवं कौशल विकास जैसी नई पहलों का अध्ययन शामिल है। भारतीय विदेश सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने इस क्रम में बिहार के बारे में गहन जानकारी प्राप्त करने के लिए पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, कला एवं संस्कृति सचिव प्रणव कुमार और पर्यटन निदेशक सह विशेष सचिव उदयन मिश्रा से मुलाकात की। इन सभी प्रशिक्षु अधिकारियों का पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने मुख्य सचिवालय स्थित विभागीय कार्यालय में स्वागत किया। जिन प्रशिक्षु अधिकारियों का स्वागत किया गया, उनमें अमन पटेल, केशव राज, वैभव कुमार, देविका प्रियदर्शिनी, मयंक भारद्वाज व मोनू शर्मा शामिल हैं। इस दौरान मंत्री के द्वारा उन्हें पर्यटन विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों एवं नीतियों की जानकारी दी गयी और बिहार को जानने-समझने के क्रम में यहां के पर्यटन स्थलों के भ्रमण हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की गयी। इस अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार तथा पर्यटन विभाग के विशेष सचिव उदयन मिश्रा ने बिहार की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, आध्यात्मिक स्थलों, जीवंत संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और बढ़ती पर्यटन क्षमता की विशेष जानकारी दी। प्रशिक्षु अधिकारियों ने वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर बिहार को बढ़ावा देने के राज्य के दृष्टिकोण के बारे में जाना और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार के अवसरों को भी समझा।

इस कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षु अधिकारी पटना तथा पटना के बाहर पर्यटन स्थलों, आकांक्षी जिलों एवं ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) जिलों की यात्रा करेंगे, जो विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में बिहार की भूमिका को प्रतिबिंबित करेगा। विदेश सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों की यह यात्रा बिहार की विकास योजनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर, जो राज्य की आर्थिक प्रगति को भविष्य में गति देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *