पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन वृत्त पर आधारित भाजपा कार्यालय में लगाई गई प्रदर्शनी

अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शिता और राष्ट्रभक्ति आज भी सभी के लिए प्रेरणा : संजय सरावगी

पटना : भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101 वीं जयंती पर बिहार के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पटना स्थित पाटलिपुत्र पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर सादर नमन किया। इस अवसर पर आयोजित राजकीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित वरिष्ठ नेता भी सम्मिलित हुए। इस मौके पर सांसद रविशंकर प्रसाद और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव भी शामिल हुए। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, दूरदर्शिता और जनता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके कार्यों और विचारों ने देश को एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने की दिशा दी। उन्होंने जो नींव रखी, उसी पर आज देश आगे बढ़ रहा है। चाहे परमाणु शक्ति का विषय हो, भाषा और संस्कृति का विकास हो या देश की राजनीतिक स्थिरता, वह हर क्षेत्र में मिसाल रहे। वही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनके जीवन-वृत्त पर आधारित एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने किया। इस प्रदर्शनी को बड़ी संख्या में भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोगों ने भी देखा और पूर्व प्रधानमंत्री के जीवन को समझने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शिता और राष्ट्रभक्ति आज भी सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने सिर्फ राजनीतिक दृष्टिकोण से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और भाषाई दृष्टि से भी देश को समृद्ध किया। उन्होंने मैथिली भाषा को संवैधानिक मान्यता दिलाई और उसे संविधान की अष्टम अनुसूची में शामिल करवाया।

इस प्रदर्शनी के शुरू होने के पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित प्रदेश के पदाधिकारियों, मंच, मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उन्हें नमन करते हुए उनके व्यक्तित्वों की चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *