पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 359वें प्रकाश पर्व समारोह को लेकर की गयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इससे संबंधित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने प्रकाश उत्सव के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवासन सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि माइक्रो लेबल पर हर एक चीज पर नजर रखिए ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने पटना साहिब में बनाये गये ‘प्रकाशपुंज’ का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बहुद्देशीय प्रकाश केंद्र एवं उद्यान परियोजना में प्रदर्शित सिख धर्म के आध्यात्मिक उपदेशों, प्रदर्शों एवं कलाओं का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने प्रकाश पुंज के सामने बनाये जा रहे निर्माणाधीन वाच टावर का भी निरीक्षण किया और तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह वाच टावर जब बन जायेगा तो यहां से श्रद्धालु प्रकाश पुंज को बेहतर ढंग से देख सकेंगे। वाच टावर परिसर को हरा-भरा एवं आकर्षक बनाया जा रहा है। यहां तालाब निर्माण के साथ-साथ घूमने एवं बैठने के लिये व्यवस्था की जा रही है ताकि यहां आने वाले श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग इसका लाभ उठा सकेंगे।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने पटना सिटी के मालसलामी में नवनिर्मित ओपी साह सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने साफ-सफाई और सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। वहां उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का अभिवादन कर उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि आपने काफी अच्छी व्यवस्था करवायी है। हमलोगों की सारी सुविधाओं का ध्यान रखा है, हम सब बहुत खुश हैं। आपका बहुत-बहुत शुक्रिया। जितनी अच्छी व्यवस्था आपने करवायी है, उतनी कोई नहीं करवा सकता है। इसके उपरांत मुख्यमंत्री कंगन घाट पहुँचे। कंगन घाट में श्रद्धालुओं के लियेबनाये गये टेंट सिटी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यहां मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण कराया जायेगा।

निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रकाश पर्व के दौरान आ रहे सभी श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान रखें, उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। हमलोगों ने अपने राज्य में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई कार्य किए हैं और एक-एक चीज पर ध्यान दिया गया है। दुनिया भर के जो सिख श्रद्धालु हैं उनका यह महत्वपूर्ण स्थल है। बिहारवासियों के लिए तो यह गौरव की बात है कि गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज का जन्म यहीं हुआ था। यहाँ लोग बड़ी संख्या में बाहर से आ रहे हैं, वे खुश होकर यहाँ से जायें, इसका हमलोगों को ध्यान रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *