किसानों के लिए बड़ी खबर! 21 जनवरी से गेहूं निबंधन शुरू, बढ़ा एमएसपी
कृषि विभाग के पोर्टल dbtagriculture.bihar.gov.in पर होगा ऑनलाइन निबंधन
गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585/- रूपये प्रति क्विंटल है निर्धारित
किसानों को 48 घंटों के भीतर पी.एफ.एम.एस प्रणाली के माध्यम से होगा भुगतान
पटना : बिहार सरकार का सहकारिता विभाग किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खाद्यान्न की खरीददारी करता है। इसी कड़ी में इस वर्ष गेहूं की खरीद के लिए 21 जनवरी से कृषि विभाग के पोर्टल dbtagriculture.bihar.gov.in पर ऑनलाइन निबंधन शुरु हो गया है।
किसान अपने गेहूं की बिक्री के लिए ई-सहकारी पोर्टल के किसान कॉर्नर में जाकर “गेहूंअधिप्राप्ति 2026 के लिए आवेदन प्रपत्र” लिंक का चयन कर निबंधन या आवेदन कर सकते हैं जो किसान पूर्व वर्ष में गेहूं बिक्री के लिए इस पोर्टल पर निबंधित हैं, उन्हें इस वर्ष दुबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, यदि किसी किसान को भूमि विवरण अथवा नामित सदस्य संबंधी जानकारी में संशोधन करना हो, तो वे पोर्टल के माध्यम से आवश्यक बदलाव कर सकते हैं।
किसानों के हित में सरकार ने “रबी विपणन मौसम 2026-27” में गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में उल्लेखनीय वृद्धि की है। “रबी विपणन मौसम 2026-27” के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585/-रूपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पूर्व वर्ष की तुलना में 160/-रूपये प्रति क्विंटल अधिक है। इससे राज्य के गेहूं उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सकेगा।
गेहूं बिक्री के बाद किसानों को 48 घंटों के भीतर पी.एफ.एम.एस प्रणाली के माध्यम से उनके नामित बैंक खाते में भुगतान किया जाएगा। किसान अपनी सुविधा के अनुसार पंचायत स्तर पर अवस्थित पैक्स अथवा प्रखंड स्तर पर अवस्थित व्यापार मंडल में गेहूं की बिक्री कर सकते हैं। गेहूं की खरीद प्रारंभ होने की संभावित तिथि 1 अप्रैल, 2026 है।
ऑनलाइन निबंधन अथवा बेचने से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए किसान अपने प्रखंड में पदस्थापित सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी अथवा संयुक्त निबंधक के कार्यालय से सम्पर्क कर सकते हैं। गेहूं अधिप्राप्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए किसान विभागीय हेल्पलाइन नं. 0612-2200693 पर संपर्क कर सकते हैं।
