एसआरपी मेमोरियल अस्पताल में अभिनंदन समारोह का हुआ आयोजन
रक्सौल : शहर के लक्ष्मीपुर स्थित एसआरपी मेमोरियल अस्पताल के परिसर में नव निर्वाचित विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा के सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया. अस्पताल परिसर में आयोजित अभिनंदन समारोह की अध्यक्षता उद्योगपति राजीव कुमार गुप्ता उर्फ राजू गुप्ता ने की. इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर पश्चिमी चंपारण संसदीय क्षेत्र से सांसद डॉ. संजय जायसवाल भी शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान राजीव कुमार गुप्ता, शिव शक्ति इंडस्ट्रीज के निदेशक संजय कुमार गुप्ता व एसआरपी मेमोरियल अस्पताल के डॉ. सुजीत कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से सांसद डॉ. जायसवाल व विधायक श्री सिन्हा का फूल माला से अभिनंदन किया गया. वहीं इस दौरान डॉ. सुजीत कुमार के द्वारा विधायक श्री सिन्हा को उनके सफल कार्यकाल के लिए अग्रिम शुभकामना दी गई. इसके बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. जायसवाल ने कहा कि सीमावर्ती इलाके में एसआरपी मेमोरियल अस्पताल काफी अच्छा काम कर रहा है. अब समय के साथ एसआरपी मेमोरियल अस्पताल के विस्तार की जरूरत है ताकि इस तरह की बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिल सके. साथ ही, उन्होंने कहा कि बीते बिहार विधानसभा चुनाव में जिस प्रकार आप सभी का प्यार और समर्थन एनडीए को मिला है, पूरा विश्वास दिलाते है कि रक्सौल के विकास में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी. वहीं विधायक श्री सिन्हा ने भी इस आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपने विधायक नहीं, सेवक चुना है जो आपकी सेवा में 24 घंटा उपलब्ध हैं. एसआरपी मेमोरियल के डॉ. सुजीत ने कहा कि सांसद डॉ. जायसवाल का मार्गदर्शन व न केवल सांसद के तौर पर बल्कि एक चिकित्सक के तौर पर हमेशा मिलता रहा है. सांसद और विधायक के प्रयास से अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना का लाभ लोगों को मिल रहा है. निश्चित तौर पर रक्सौल के विकास में इन दोनों का बेहतर योगदान है. मौके पर शंभू प्रसाद चौरसिया, मो. निजामुदिन, पवन कुशवाहा, पीयूष कुमार, देवाशीष कुमार सहित मौजूद थे.
