रक्सौल : वीरगंज स्थित सिख समुदाय ने मानवसेवा आश्रम में आश्रित असहाय व्यक्तियों के लिए एक दिन का पूर्ण भोजन सेवा कार्यक्रम सम्पन्न किया है. आश्रम परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान समुदाय के महिला-पुरुष सदस्यों ने 60 से अधिक महिला, पुरुष और बच्चों को भोजन कराते हुए उनसे प्रेम, अपनापन और स्नेह साझा किया. कार्यक्रम के दौरान सिख समुदाय की अग्रणी सदस्य रोमी कौर ने गुरु परंपराओं का स्मरण कराते हुए कहा कि गरीब, जरूरतमंद और पीड़ितों की सेवा ही सबसे बड़ा मानव धर्म है. उन्होंने कहा, हमारे गुरुओं ने यही मार्ग दिखाया है, उसी सीख के अनुसार आज हमने एक छोटा-सा प्रयास किया है. सिख समुदाय के ही अन्य अग्रणी तथा वीरगंज स्थित जीएचपी स्कूल के संस्थापक जैक सिंह ने भी सेवा कार्य में शामिल होकर खुशी व्यक्त की. उन्होंने कहा, मानवसेवा आश्रम जैसे पवित्र स्थान पर सेवा करने का अवसर मिलना हमारे लिए गर्व की बात है. यह हमारे समुदाय की परंपरा और संस्कार है. इस दौरान मानवसेवा आश्रम के संस्थापक संयोजक देवेश गुप्ता ने सिख समुदाय के सहयोग की सराहना की. उन्होंने कहा कि आश्रम आज तक इसी प्रकार के परोपकारी समुदायों और व्यक्तियों के सहयोग से चल रहा है. उन्होंने कहा, सिख समुदाय द्वारा नेपाल ही नहीं, विश्व स्तर पर मानवता के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य वास्तव में प्रशंसनीय है. आश्रम के अभिभावक एवं समाजसेवी प्रकाश थारू ने भी सिख समुदाय के निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि इससे आश्रम परिवार को हमेशा हौसला मिलता है. यहां बता दे कि मानवसेवा आश्रम सड़क पर भटके, परिजनों से बिछड़े तथा मानसिक रूप से कमजोर लोगों को आश्रय, भोजन और उपचार प्रदान करता आ रहा है. सिख समुदाय की ओर से आयोजित इस भोजन सेवा कार्यक्रम से सभी आश्रितों के चेहरे पर खुशी झलकी. समुदाय ने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *