रक्सौल : बिहार विधानसभा चुनाव में जीत के बाद रविवार को स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा के आवास पर पश्चिमी चंपारण संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. संजय जायसवाल पहुंचे. उनके यहां पहुंचने के बाद स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा व भारतीय जनता पार्टी संगठन जिला रक्सौल के कार्यकर्ताओं के द्वारा भव्य स्वागत किया गया. सांसद डॉ. जायसवाल ने विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा को मिठाई खिलाई और जीत की बधाई दी. वहीं स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद डॉ. जायसवाल व विधायक श्री सिन्हा को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया. इसके बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि बिहार की जनता एनडीए के साथ है. राज्य के विकास और गरीब कल्याण को लेकर जो योजनाएं हमारी सरकार चला रही है, उसपर राज्य की जनता ने मुहर लगाया है. एनडीए की सरकार के 20 साल के कार्यकाल में राज्य को विकास के ओर अग्रसर किया है. इसके विपरीत विपक्ष के झूठे वायदों को लोगों ने सिरे से खारिज कर दिया. प्रलोभन और झूठ की कहानी राजद के द्वारा रची गई उसको यहां की जनता ने पूरी तरह नकार दिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकासात्मक कार्यों पर अपना विश्वास जताया है. उन्होंने कहा कि जो भी लंबित कार्य है, उसको पूरा किया जाएगा. रक्सौल में ओवरब्रिज के निर्माण के टेंडर का काम प्रक्रिया है. प्रक्रिया पूरा होते हुए ही, ओवरब्रिज के निर्माण का काम पूरा हो जाएगा. प्रशांत किशोर को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि एक पार्टी जो बिहार का समीकरण बदलने चली थी, उसके पार्टी के प्रत्याशी अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए है. वहीं विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने भी सभी के प्रति आभार प्रकट करते हुए विकास के रथ को आगे बढ़ाने की बात कहीं. मौके पर राकेश कुशवाहा, मंटू गुप्ता, रवि गुप्ता, कमलेश कुमार, कन्हैया सर्राफ, नीतेश पटेल, मीरा कुशवाहा, अनुराधा शर्मा, मीटू गुप्ता, राजकिशोर ठाकुर सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.
