रक्सौल : आदापुर प्रखण्ड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बैरिया में प्रधानाध्यापक बांके बिहारी प्रसाद की अध्यक्षता में बीपीएससी से नवचयनित प्रधान शिक्षकों के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान विद्यालय सहित एनपीएस बैरिया (प.टोला) में पूर्व में पदस्थापित तीन विशिष्ट शिक्षक रणविजय राज, समीम रियाज़ी और ओम बाबू को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में आगत अतिथि के रूप में उपस्थित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हरे राम सिंह के नेतृत्व में प्रधानाध्यापक बांके बिहारी प्रसाद ने तीनों शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं शॉल पहनाकर सम्मानित किया. वहीं होली मिशन पब्लिक स्कूल के संचालक बच्चन कुमार शर्मा ने भी प्रधान शिक्षकों को शॉल, डायरी व कलम प्रदान कर सम्मानित किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीईओ हरेराम सिंह ने कहा कि जो शिक्षक निरंतर सीखता है, वही बच्चों को उत्तम शिक्षा दे सकता है. इन तीनों शिक्षकों का कार्यकाल अनुकरणीय रहा है. नई जिम्मेदारी में भी ये शिक्षा के नए आयाम स्थापित करेंगे. वही प्रधानाध्यापक बांके बिहारी प्रसाद ने तीनों शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि इनके साथ काम करना हमेशा ऊर्जावान रहा. ये नव-अन्वेषणकारी और हंसमुख स्वभाव के शिक्षक हैं. बीपीएससी द्वारा मिली नई जिम्मेदारी को ये निश्चित रूप से उत्कृष्टता के साथ निभाएंगे. जबकि प्रधान शिक्षक रणविजय राज ने बीईओ हरेराम सिंह और प्रधानाध्यापक बांके बिहारी के नेतृत्व को गुरु-शिष्य संबंध बताते हुए कहा कि इनके स्नेह, प्रेरणा और मार्गदर्शन ने हम सभी को आगे बढ़ाया है. यह सम्मान हमारा हृदय भर देने वाला है. मौके पर वीएसएस अध्यक्ष संजय सिंह, एचएम रेणु सिंह, विवेक कुमार, अंकित पटेल, अमित कुमार, अमजद अल्ली, इमरान अहमद, शिक्षिका पूनम रानी, इर्शादुल्लाह अहमद, उ म वि बिशुनपुरवा के एचएम रोहित रंजन सहित अन्य मौजूद थे.

सम्मानित हुए नवचयनित प्रधान शिक्षकों के साथ बीईओ व अन्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *