मुख्यमंत्री महिला स्वरोजगार योजना के तहत रोजगार के लिए मिल रही 10 हजार की सहायता राशि

रक्सौल : मुख्यमंत्री महिला स्वरोजगार योजना के तहत नगर परिषद क्षेत्र के सभी 25 वार्ड से कुल 6500 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए है. जीविका के पोर्टल से प्राप्त आवेदन को अब सत्यापित करते हुए समूह में शामिल करने का प्रोसेस किया जा रहा है. समूह में शामिल होने के साथ ही, योग्य महिला लाभुकों को सरकार के द्वारा स्वरोगजार के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली राशि भेजी जाएगी. इससे पहले मुख्यमंत्री महिला स्वरोजगार योजना के तहत रक्सौल में स्वयं सहायता समूह में शामिल 2400 महिलाओं को रोजगार के लिए प्रति महिला को 10 हजार रूपयें की राशि उपलब्ध करा दी गई है. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ नगर परिषद क्षेत्र की सभी पात्र लाभुकों को मिले, इसको लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए है. निर्धारित समय सीमा के अंदर सभी पात्र लाभुकों का सत्यापन कराते हुए भुगतान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा. सरकार की इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार की एक महिला को स्वरोजगार के लिए राशि उपलब्ध कराने का प्रावधान है. यहां बता दे कि रक्सौल के 25 वार्ड में अभी मात्र 6 सीआरपी कार्यरत है, जिसके कारण योजना के क्रियान्वयन में थोड़ी देरी हो रही है. सीआरपी के जिम्मे समूह का गठन और इसका आवश्यक संचालन होता है. वर्तमान स्थिति में रक्सौल के प्रत्येक वार्ड में एक सीआरपी की आवश्यकता है ताकि सरकार की योजनाएं सही समय से लोगों तक पहुंच सके. फिलहाल, नगर परिषद रक्सौल कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार दिशा-निर्देश पर नगर मिशन प्रबंधक राकेश रंजन, सीओ स्नेह राहुल सहित सीआरपी की टीम के द्वारा आवेदनों के सत्यापन और समूह के गठन का कार्य प्रारंभ किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार इस योजना का लाभ लेने के लिए रक्सौल नगर परिषद के वार्ड 4 से सबसे अधिक आवेदन प्राप्त हुए है, जबकि सबसे कम आवेदन वार्ड नंबर 23 से प्राप्त हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *