महीप राज की रिपोर्ट
मुजफ्फरपुर : लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह ने शुक्रवार को मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र अंतर्गत जलापूर्ति योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय सचिव पंकज कुमार पाल, विशेष सचिव संजीव कुमार, अभियंता प्रमुख-सह-विशेष सचिव नित्यानंद प्रसाद सहित प्रक्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
51,699 जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक के दौरान विभागीय सचिव ने प्रक्षेत्र में संचालित 51,699 कार्यरत जलापूर्ति योजनाओं की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की। बताया गया कि टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पीएचईडी वार्डों के छूटे हुए टोलों में जलापूर्ति योजनाओं का कार्य तेजी से प्रगति पर है। इस दौरान मंत्री ने निर्देश दिया कि पंचायती राज विभाग से हस्तांतरित छूटे टोलों से संबंधित सभी लंबित टेंडरों को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि प्रक्षेत्र में “हर घर नल का जल” योजना का शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित किया जा सके।
सीजीआरसी पोर्टल पर 20,451 में से 19,278 शिकायतों का निष्पादन
विशेष सचिव द्वारा प्रस्तुत विवरण में बताया गया कि प्रक्षेत्र में 20,451 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19,278 शिकायतों का समय पर निष्पादन किया गया है। समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जलापूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत को लंबित रखना गंभीर कदाचार माना जाएगा। ज़रा-सी भी लापरवाही सामने आए तो दोषियों को तुरंत डिबार या ब्लैकलिस्ट किया जाए। स्वच्छ और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रैंकिंग प्रणाली के आधार पर कड़ी कार्रवाई, 40 अधिकारियों का वेतन रुका
बैठक में विभाग की नई रैंकिंग प्रणाली की समीक्षा की गई, जिसके आधार पर अधिकारियों के कार्य निष्पादन का नियमित मूल्यांकन किया जा रहा है। रैंकिंग में लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाने की घोषणा की गई। विभाग ने निर्णय लिया है कि 5 कार्यपालक अभियंता, 10 सहायक अभियंता व 25 कनीय अभियंता का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है तथा इन अधिकारियों से स्पष्टीकरण की मांग की गई है। इनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है। विदित हो कि इससे पूर्व भी विभाग द्वारा 1 कार्यपालक अभियंता, 4 सहायक अभियंता तथा 5 कनीय अभियंता के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहन
मंत्री ने कहा कि जहां लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित और प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा

बैठक में निम्न बिंदुओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई जिसमें ज़ीरो ऑफिस डे निरीक्षण, जलापूर्ति योजनाओं में IoT एकीकरण का रोडमैप, MIS पोर्टल पर लंबित प्रतिवेदनों की स्थिति, विद्युत भुगतान, हाउस कनेक्शन की प्रगति, हैंड पंप मरम्मति, वार्ड कवरेज की समग्र स्थिति समेत अन्य सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
