प्रधानमंत्री सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नितिन नवीन को दी शुभकामनाएं
पटना। महीप राज। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार की राजनीति में एक बार फिर राष्ट्रीय नेतृत्व को मजबूत किया है। पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रह चुके और वर्तमान में बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा संसदीय बोर्ड के इस फैसले के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है।
वर्ष 2006 से लगातार बांकीपुर का प्रतिनिधित्व कर रहे नितिन नवीन को यह अहम जिम्मेदारी ऐसे समय में दी गई है, जब पार्टी संगठन को युवा और ऊर्जावान नेतृत्व की जरूरत महसूस की जा रही थी। उनकी नियुक्ति को संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
नितिन नवीन को मिली इस नई जिम्मेदारी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि नितिन नवीन ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे युवा, मेहनती और संगठन में लंबे अनुभव वाले नेता हैं। विधायक और मंत्री के रूप में उनका रिकॉर्ड सराहनीय रहा है और उन्होंने जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से काम किया है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि उनकी ऊर्जा और समर्पण पार्टी को आने वाले समय में और अधिक सशक्त करेगा।
भाजपा कोटे से बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने भी नितिन नवीन से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने इसे पार्टी और बिहार दोनों के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। सम्राट चौधरी ने कहा कि नितिन नवीन लंबे समय से एक साधारण कार्यकर्ता की तरह संगठन के लिए काम करते आए हैं और आज वे भाजपा के एक सशक्त युवा चेहरे के रूप में सामने हैं। ऐसे युवा नेता को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलना बिहार के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।
इधर, बिहार भाजपा कार्यालय में ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ जश्न मनाया गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह दिन बिहार और भाजपा दोनों के लिए यादगार है। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती से किसी नेता का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनना पूरे प्रदेश के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने नितिन नवीन को शुभकामनाएं देते हुए केंद्रीय नेतृत्व का आभार भी जताया।
नितिन नवीन को बधाई देने वालों में सहयोगी दल भी पीछे नहीं रहे। जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लगभग 45–46 वर्ष की उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना न केवल नितिन नवीन, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इसे नितिन नवीन की मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण का परिणाम बताया।

संजय झा ने यह भी कहा कि नितिन नवीन लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं और वर्तमान में बिहार सरकार में मंत्री के रूप में बेहतर कार्य कर रहे हैं। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधायक रहे, जिनका सभी राजनीतिक दलों से सम्मानजनक संबंध रहा है। विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन की सक्रिय भूमिका और शानदार प्रदर्शन ने उनकी इस नियुक्ति को और मजबूत आधार दिया है।
नितिन नवीन छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत कर भाजपा संगठन में विभिन्न दायित्व निभा चुके हैं। वे पार्टी के अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते हैं। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी भी हैं। 45 वर्षीय नितिन नवीन ने सड़क निर्माण मंत्री के रूप में अपनी कार्यशैली से अलग पहचान बनाई है। उन्हें आधुनिक सोच, तेज निर्णय क्षमता और ऊर्जावान नेतृत्व के लिए जाना जाता है। बांकीपुर सीट से नितिन नवीन की राजनीतिक यात्रा 2006 के उपचुनाव से शुरू हुई थी। इसके बाद उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की। नवंबर 2025 के चुनाव में उन्होंने 98,299 मत प्राप्त कर राजद प्रत्याशी रेखा कुमारी को 51,936 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया, जो अब तक की उनकी सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश इकाई में भी बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
