कोसी क्षेत्र में काफी अधिक मात्रा में उत्पादित हो रहा है मक्का, अब बन चुका है नकदी फसल

सरकार कृषि सिंचाई योजना के तहत किसानों को दे रही है सस्ती बिजली

पटना : सोमवार को राज्य में दलहन, तिलहन और मक्का फसल के क्षेत्र विस्तार के लिए कृषि भवन, मीठापुर में एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। इसमें कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने कहा कि किसान उन्नत किस्म के बीज और गहन खेती कर दलहन और तेलहन का उत्पादन बढ़ा सकते हैं। बिहार में खेती अब जीवन निर्वहन से आगे बढ़कर किसानों के लिए समृद्धि का नया रास्ता बने, इसकी कोशिश कृषि विभाग कर रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहार में हमने पिछले 20 वर्षों में बहुत-सी उपलब्धियां हासिल की हैं। धान और गेहूं का उत्पादन बढ़ाने में हमने बड़ी कामयाबी हासिल की है। अब हमें दलहन और तिलहन के उत्पादन को बढ़ाना है।

आज बिहार के कोसी क्षेत्र में काफी अधिक मात्रा में मक्का उत्पादित हो रहा है और यहां अब यह नकदी फसल का रूप ले चुका है। मक्का के उत्पादन में वृद्धि और इससे जुड़े व्यवसाय में विकास की काफी संभावना है। इससे जुड़े उद्योग लगाए जाएं तो काफी लोगों को रोजगार मिल सकता है। सरकार कृषि सिंचाई योजना के तहत किसानों को सस्ती बिजली दे रही है। इसका लाभ उठाकर किसान खाली पड़े खेतों में इन फसलों की खेती शुरू करें। अब समय आ गया है कि बिहार के किसान कृषि से जुड़े व्यवसाय में भी आगे बढ़ें।

मौके पर कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव ने कहा कि आज की परिचर्चा दलहन, तिलहन और मक्का के उत्पादन को बढ़ाने में प्रभावी सिद्ध होगी। फसलों में विविधता लाकर खाद्य सुरक्षा को बढ़ाया जा सकता है। वहीं विशेष निदेशक वीरेंद्र प्रसाद यादव ने कृषि वैज्ञानिकों से उन्नत किस्म के बीज और उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष कदम उठाने की बात कही। इस दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने तकनीकी सत्र में किसानों को खेती के गुर सिखाए, जिससे कम लागत में अधिक से अधिक उत्पादन किया जा सकता है। बड़ी संख्या में किसानों ने इस परिचर्चा में भाग लिया और कृषि से जुड़ी नई तकनीकों की जानकारी हासिल कर लाभान्वित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *