भवन निर्माण मंत्री विजय कुमार चौधरी ने नववर्ष पर डायरी एवं कैलेंडर 2026 का किया विमोचन

पटना : भवन निर्माण विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी एवं सचिव कुमार रवि ने गुरुवार को नववर्ष के अवसर पर बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड की ओर से प्रकाशित डायरी एवं कैलेंडर का विमोचन किया। डायरी और कैलेंडर में निगम की तरफ से राज्य में निर्मित विभिन्न भवनों की तस्वीरें एवं जानकारी समाहित की गई है। इस मौके पर मंत्री एवं सचिव ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मंत्री को निगम के स्तर से क्रियान्वित परियोजनाओं से अवगत कराया गया। बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड की ओर से 2708 परियोजनाओं का कार्य किया जा रहा है, जिसमें से 2389 परियोजनाएं पूरी कर ली गई हैं। 199 परियोजनाओं का कार्य तेजी से किया जा रहा है। परियोजनाओं के गुणवत्ता की जांच करने के लिए विशेष प्रयोगशाला के निर्माण एवं नियमित अंतराल पर कार्य स्थलों के निरीक्षण की भी जानकारी दी गई।

इसके अलावा मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित 14 जगहों पर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। 89 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने का कार्य किया जा रहा है, जिनमें 84 संस्थानों में कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष 5 संस्थानों का कार्य इस वर्ष जनवरी तक पूर्ण कर लिया जाएगा। लखीसराय स्थित लाल पहाड़ी पुरास्थल के पर्यटकीय सुविधाओं का निर्माण तथा विकास कार्य के प्रगति की भी जानकारी दी गई।

मंत्री ने सभी योजनाओं को ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने भवनों के रख-रखाव एवं मेंटेनेंस पर जोर देते हुए कहा कि मेंटेनेंस का स्टैंडर्ड तय करें ताकि भवनों का अच्छे से रख-रखाव हो सके। नए प्रोजेक्ट में मेंटेनेंस का भी प्रावधान हो, जिससे कार्य अच्छे से संपादित हो सके।

सचिव ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं को प्राथमिकता से पूर्ण करें। उन्होंने भवनों की छतों पर सोलर पैनल लगाने को लेकर भी पदाधिकारियों को निदेश दिया। साथ ही, उन्होंने निगम के स्तर से अभियंताओं की नियुक्ति को लेकर भी चर्चा की, ताकि कार्यों के निष्पादन में कार्य बल की कमी को दूर किया जा सके। इस मौके पर बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक कुमार अनुराग सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *