बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना ने 4 लाख से अधिक छात्रों की बदली जिंदगी

क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से ऋण प्राप्त करके देश-विदेश में पढ़ाई कर रहे युवा

उच्च शिक्षा के लिए बिना ब्याज लोन लेकर बड़े-बड़े कॉलेजों में बिहारी छात्रों ने फैलाया परचम

पटना : नीतीश सरकार में युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए साल 2016 में लागू की गयी बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना ने सफलता की नयी पटकथा तैयार की है। बिहार सरकार उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्रों को बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत बिना ब्याज के ऋण मुहैया कर राज्य के 4 लाख से अधिक युवाओं को अपने पसंद की पढ़ाई पूरा करने के लिए पैसों की बाधा नहीं उत्पन्न होने दे रहा है। ताकि छात्र अपनी उच्च शिक्षा की पढ़ाई पूरी कर सकें। इस योजना के तहत 9 वर्ष के अंदर राज्य के 4 लाख से अधिक छात्रों को शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया है।

विदित हो कि राज्य सरकार ने वर्ष 2016 में सात निश्चय योजना के तहत स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की थी। इस योजना के माध्यम से उच्च शिक्षा की पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को अधिकतम 4 लाख तक बिना ब्याज के शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जाता है। शिक्षा विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार राज्य सरकार ने 9 वर्ष में राज्य के 4 लाख 04 हजार 167 छात्रों के बीच उच्च शिक्षा की पढ़ाई के लिए 8149.56 करोड़ रुपये का शिक्षा ऋण वितरित किया है। बिहार राज्य स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत छात्रावास से बाहर रहने वाले छात्र-छात्राओं को जीवन यापन करने के लिए 5 हजार रुपये प्रति माह तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि शहरों की श्रेणी के आधार पर तय की जाती है।

छात्रों को मिली लैपटॉप और स्टेशनरी की राशि

राज्य सरकार ने इस योजना के तहत तकनीकी शिक्षा की पढ़ाई करने वाले छात्रों को पुस्तकों और स्टेशनरी वस्तुओं की खरीद के लिए भी राशि निर्धारित की है। इसमें पुस्तकों और स्टेशनरी वस्तुओं की खरीद के लिए 10 हजार तथा लैपटॉप की खरीद के लिए 35 हजार की राशि निर्धारित है।

बोले शिक्षा मंत्री

बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत अबतक राज्य के 4 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के बीच 8,149.56 करोड़ की शिक्षा ऋण वितरित किया गया है। ताकि वह अपनी उच्च शिक्षा की पढ़ाई पूरी कर सकें। प्रत्येक छात्र को अधिकतम 4 लाख रुपये का ऋण दिया जाता है। यह ऋण पूरी तरह ब्याज मुक्त है। -सुनील कुमार, शिक्षा मंत्री, बिहार सरकार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *