पीरपैंती बनेगा बिहार का पावर हाउस: 2400 MW प्लांट पर ग्रामीणों की जोरदार ताली!

सुनवाई के दौरान हाथ उठा कर दी प्लांट स्थापित करने के लिए पूर्ण सहमति

पटना / पीरपैती (भागलपुर) : भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड में अदाणी समूह का 2400 मेगावाट अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पॉवर प्लांट लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसको लेकर गुरुवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में एडीएम (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन और बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्राधिकारी शंभुनाथ झा की अध्यक्षता में पर्यावरणीय जन सुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने हाथ उठाकर परियोजना के समर्थन में अपनी सहमति प्रदान की।

यह जन सुनवाई बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, सामाजिक प्रतिनिधि और पंचायत प्रतिनिधि शामिल हुए। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि पॉवर प्लांट की स्थापना से क्षेत्र में चहुंमुखी विकास होगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। वहीं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से पीरपैंती रोजगार का पॉवर हाउस बनेगा और युवाओं को काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा। साथ ही, यह परियोजना न केवल पीरपैंती बल्कि पूरे बिहार की औद्योगिक और आर्थिक विकास यात्रा को गति देगी।

इस अवसर पर अदाणी समूह के वरीय पर्यावरण पदाधिकारी आरएन शुक्ला ने पावर प्लांट की स्थापना से जुड़ी तकनीकी जानकारी साझा की और पर्यावरण संरक्षण को लेकर किए जाने वाले उपायों की विस्तृत जानकारी दी। जन सुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पर्यावरण सुरक्षा, स्थानीय रोजगार और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई, जिस पर परियोजना प्रबंधन की ओर से सकारात्मक आश्वासन दिया गया।

संबोधित करने वालों में प्रखंड प्रमुख रश्मि कुमारी, मुखिया अरविन्द साह, पूर्व विधायक रामविलास पासवान, समाजसेवी मुन्ना सिंह, मुखिया संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार झुम्पा, मो. अयाज, जमीनदाता सुशील सिंह, सरपंच बरुण गोस्वामी, मुखिया पीरपैंतीगुलफसां परवीन, बबली कुमारी, सपना कुमारी आदि शामिल हैं। मौके पर एसडीएम कहलगांव केसी गुप्ता, एएसपी पंकज कुमार, सीओ चन्द्रशेखर कुमार, बीडीओ अभिमन्यु कुमार, एसएचओ नीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *