समाज में एड्स प्रभावितों के लिए ‘स्वीकार्यता’ कैसे लाए मीडिया? पटना में विशेष चर्चा
एच.आई.वी./एड्स विषय पर मीडिया उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन
पटना : परियोजना निदेशक, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति की अध्यक्षता में एच.आई.वी./एड्स विषय पर मीडिया उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य एच.आई.वी./एड्स से जुड़ी सही, वैज्ञानिक एवं संवेदनशील जानकारी को मीडिया के माध्यम से आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना था।कार्यशाला को संबोधित करते हुए परियोजना निदेशक सुमित कुमार ने कहा कि एच.आई.वी./एड्स को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सही जानकारी, सकारात्मक संवाद और संवेदनशील रिपोर्टिंग के माध्यम से न केवल जागरूकता बढ़ाई जा सकती है, बल्कि इससे प्रभावित लोगों के प्रति समाज में स्वीकार्यता और सहयोग की भावना भी विकसित की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा एच.आई.वी./एड्स की रोकथाम, जांच एवं उपचार के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने में मीडिया सहयोगी की भूमिका निभा सकता है।
कार्यशाला के दौरान एच.आई.वी./एड्स से संबंधित वर्तमान स्थिति, रोकथाम के उपाय, उपचार सुविधाएँ तथा सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर उनके प्रश्नों का समाधान भी किया गया। मौके पर संयुक्त निदेशक मनोज कुमार सिन्हा, सूचना एवं जनसंपर्क के सहायक निदेशक मो. अतर इमाम खान, उप निदेशक मंत्रेश्वर पाठक, सहायक निदेशक (युवा) आलोक सिंह, सहित बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के वरीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
