पूर्व में आधा दर्जन दर्ज है आपराधिक मामले, कई कांडों मे जा चुका है जेल
हरसिद्धि : स्थानीय पुलिस ने सोमवार की रात बड़ी कार्रवाई करते हुए घोघराहा बैरिया से 25 हजार के इनामी शराब व ड्रग्स माफिया मंतोष सहनी को गिरफ्तार कर लिया. छापेमारी का नेतृत्व अरेराज डीएसपी रवि कुमार ने किया. गिरफ्तार वांछित अभियुक्त के पास से एक देसी कट्टा और 315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. थानाध्यक्ष सर्वेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि वांछित अपराधी मंतोष सहनी घोघरहा बैरिया में छिपा है. सूचना की पुष्टि के बाद डीएसपी रवि कुमार, इंस्पेक्टर पूर्णकाम सामर्थ, थानाध्यक्ष सर्वेंद्र कुमार सिन्हा, एसटीएफ पटना के इंस्पेक्टर मधुरेंद्र कुमार, तकनीकी शाखा मोतिहारी के एसआई बृजेश कुमार, एसआई चिरंजीवी कुमार, एसआई रंजन मंडल तथा सशस्त्र बल ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. पुलिस की भनक लगते ही आरोपी भागने की कोशिश किया, लेकिन पुलिस ने खदेड़कर कर गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर पूर्व में आधा दर्जन आपराधिक मामले हरसिद्धि में दर्ज हैं. जिनमें ज्यादातर शराब और ड्रग्स से जुड़े मामले शामिल हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस मंतोष को बरसों से तलाश में थी. मंतोष कई कांडों में जेल भी जा चुका है. मंतोष को पुलिस जेल भेजती है, परंतु बेल कराकर आते ही मंतोष अपना कारोबार शुरू कर देता है, जिससे पुलिस का सर दर्द बन चुका था, इसलिए पुलिस काफी मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
