ट्रक में तहखाना बनाकर गांजा की हो रही थी तस्करी

रक्सौल : हरैया थाना की पुलिस ने नेपाल के रास्ते भारत में तस्करी करके लाए जा रहे गांजा की बड़ी खेप को बरामद किया गया है. हरैया पुलिस को खबर मिली थी कि नेपाल से एक खाली ट्रक आइसीपी के रास्ते भारत में प्रवेश कर रहा है, जिसमें गांजा लोड किया गया है. हरैया पुलिस को सूचना मिलने के साथ ही, पुलिस की टीम सक्रिय हो गई और इसकी बरामदगी के लिए जाल बिछाया गया. वरीय अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर रक्सौल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम के द्वारा हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए हरैया थाना से करीब 100 मीटर आगे आइसीपी बाइपास रोड से बुधवार की रात करीब 10 बजे 4 सौ 44 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया. इसकी जानकारी देते हुए गुरूवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने बताया कि बीआर06जीए-5001 नंबर की मालवाहक ट्रक में तहखाना बनाकर गांजा की खेप लोड की गई थी. पुख्ता सूचना मिलने के बाद दंडाधिकारी के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार की उपस्थिति में ट्रक को रोककर उसके तहखाने की जांच की गई. इस दौरान कुल 30 पैकेट में रखे गए 444.166 ग्राम गांजा को जब्त किया गया. इस मामले में ट्रक चालक नेपाल के पर्सा जिला पोखरीया थाना क्षेत्र के निवासी अमवत राउत कुर्मी तथा उप चालक पोखरीया के मुरली निवासी सिकंदर राउत कुर्मी को गिरफ्तार किया गया. दोनों ने बताया है कि वे लोग नेपाल चंपापुर (रामगढ़वा) से धान लेकर गए थे और वापसी में जीतपुर के आसपास ट्रक में गांजा की फिटिंग कराई थी. जिसकी जानकारी पुलिस को लग गई और मादक पदार्थ गांजा अपने गंतव्य पर पहुंचने से पहले ही पकड़ा गया. इस पूरी कार्रवाई में हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान की भूमिका अहम रही. इधर, गांजा बरामदगी की खबर मिलने के बाद आईसीपी रक्सौल के प्रबंधक राजीव रंजन ने भी पूरे मामले में जानकारी ली है ताकि भविष्य में इस प्रकार की तस्करी के घटनाओं पर लगाम लगाया जा सके. हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस इस मामले में तस्करी के रैकेट से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है, इन दोनों के ब्यान के आधार पर इस कारोबार से संबंधित लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है ताकि इस तरह के नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके. बरामद किये गये गांजा का अंतर्राष्ट्रीय बाजार में किमत लगभग 4 करोड़ 44 लाख 16 हजार 6 सौ रूपये आंका गया है. छापेमारी के लिए काम कर रही टीम में बिहार पुलिस के जवान मिथुन मांझी व सोनू गोंड भी शामिल थे. इस मामले में ट्रक संख्या बीआर06जीए-5001 को भी जब्त कर लिया गया है.
